अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी हुई है इस पर मोहम्मद शमी ने एक बड़ा बयान दिया है। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20आई सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार को लगभग चार साल बाद टीम में जगह दी है। भुवी ने नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20I खेला था। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें वापस बुलाया है। इस बीच भुवनेश्वर कुमार को मौका मिलने पर शमी ने बयान दिया है.
मोहम्मद शमी ने कहा- मुझे फर्क नही पड़ता
शमी ने कहा कि भुवनेश्वर को मौका मिला, यह उनके लिए अच्छी बात है, लेकिन उनके चयन से खुद को कोई फर्क नहीं पड़ता। शमी ने रेवस्पोर्ट्ज से बातचीत में कहा, “भुवनेश्वर कुमार को भारत के लिए खेलने का मौका मिला है, यह उनके लिए अच्छी बात है। लेकिन उनके चयन से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। जहां भी मुझे खेलने का मौका मिलेगा, मैं अपना बेस्ट दूंगा। इस समय मेरा पूरा फोकस रणजी मैच पर है।”
शमी का छलका दर्द, कहा- मेरे साथ यही हो रहा…
36 वर्षीय शमी ने आगे कहा, “पिछले दो-तीन साल से मेरे साथ यही हो रहा है। मैं प्रदर्शन कर रहा हूं और बंगाल के लिए अपनी फिटनेस साबित कर चुका हूं। अगर मुझे दोबारा भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिलता है, तो यह मेरा नुकसान नहीं है।”
शमी ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारतीय टीम के लिए कोई मैच नहीं खेला है। चोटों के कारण वे लंबे समय तक बाहर रहे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में वे सक्रिय हैं और फिटनेस भी साबित कर चुके हैं।
भुवनेश्वर की वापसी के बाद शमी की टीम में वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। कई पूर्व खिलाड़ी और विशेषज्ञों ने भी दोनों अनुभवी गेंदबाजों के चयन की वकालत की थी। हालांकि शमी ने साफ कर दिया कि वे दूसरों के चयन को लेकर चिंतित नहीं हैं। उनका पूरा ध्यान घरेलू क्रिकेट पर है।
