लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी20 लीग 2026 के आठवें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दबाव में वे विश्व स्तर के फिनिशर हैं. लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ खेले गए इस रोमांचक मैच में रिंकू ने महज 24 गेंदों पर नाबाद 55 रनों की धमाकेदार पारी खेली.
इस पारी में उन्होंने 6 छक्के और दो चौके जड़े. सबसे रोमांचक पल तब आया जब उन्होंने पांच गेंदों में 26 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया और अपनी टीम को डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भुवनेश्वर की टीम को हराकर यादगार जीत दिलाई.
भुवनेश्वर ने दिया झटका, रिंकू ने पलटा मैच
भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 183/6 रन बनाए. जवाब में मेरठ मावेरिक्स को 184 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी. शुरुआत खराब रही. टीम ने शुरुआती ओवरों में ही तीन विकेट गंवा दिए. मेरठ ने महज 22 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने कुछ हद तक साझेदारी की, लेकिन असली खेल तब शुरू हुआ जब कप्तान रिंकू सिंह क्रीज पर उतरे.
रिंकू सिंह ने 5 गेंद में ठोके 26 रन
मैच 17वें ओवर के आसपास पहुंच चुका था और बारिश के आसार साफ नजर आ रहे थे. उस वक्त मेरठ डीएलएस पार स्कोर से करीब 22 रन पीछे चल रहा था. हार लगभग तय सी लग रही थी. तभी नवनीत कुमार के ओवर में रिंकू ने अपना रौद्र रूप दिखाया. पांच गेंदों में 26 रन ठोक दिया. रिंकू के बल्ले से तीन छक्के लगातार स्टैंड में जाकर गिरे. एक पल में टीम पार स्कोर से चार-पांच रन आगे निकल गई.
16.5 ओवर में मेरठ का स्कोर 154/6 पहुंचते ही भारी बारिश शुरू हो गई और मैच रोक दिया गया. डीएलएस नियम के तहत मेरठ मावेरिक्स ने पांच रन से जीत दर्ज की। यह उनकी लगातार तीसरी जीत थी और पॉइंट्स टेबल में वे शीर्ष पर पहुंच गए.
