इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान को सिर्फ हार ना हार मिली बल्कि इंग्लैंड ने एक पारी और 103 रनों से पाकिस्तान को रौंदा. यह पाकिस्तान के लिए बेहद शर्मनाक हार थी. महज तीसरे दिन ही इंग्लैंड की इस जीत में पाकिस्तान ने सिर्फ पहली पारी में 48 ओवर और दूसरी पारी में 38 ओवर ही बल्लेबाजी कर सकी. जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड ने तीसरे दिन ही मैच समाप्त कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. इस शर्मनाक हार ने पाकिस्तान को आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 पॉइंट्स टेबल के सबसे निचले पायदान पर पहुंचा दिया है.
पाकिस्तान का हुआ बेड़ा गर्क
पाकिस्तान ने सात मैचों में सिर्फ दो जीत दर्ज की हैं. उनके खाते में 16 अंक और मात्र 19.05 प्रतिशत अंक (PCT) हैं. यही नहीं पाकिस्तान इससे पहले वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ भी बुरी तरह से हारी थी. हेडिंग्ले में दोनों पारियों में 200 रन भी नहीं बना पाने वाली टीम फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है. बाकी दो टेस्ट में भी अगर वे हारते हैं तो स्थिति और बिगड़ जाएगी. पाकिस्तान अभी पॉइंट टेबल में सबसे निचले स्थान पर है. पिछले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट टेबल में भी वे निचले पायदान पर रहे थे.
भारत को फायदा
इस बीच भारत की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है. शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 165 रनों की जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर काबिज है. 10 मैचों में पांच जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ उनके 64 अंक और 53.33 PCT हैं. ऑस्ट्रेलिया 77.78 PCT के साथ शीर्ष पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं.
पाकिस्तान की इस हार से भारत को अप्रत्यक्ष फायदा हुआ है. निचले क्रम की टीमें कमजोर प्रदर्शन कर रही हैं, जिससे भारत की टॉप-दो में पहुंचने की संभावनाएं बरकरार हैं. भारत के आगे श्रीलंका, न्यूजीलैंड और बाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले हैं. अगर टीम इन सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करती है तो WTC फाइनल का रास्ता खुल सकता है.
