वैभव सूर्यवंशी की चमकी किस्मत, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20I में मिलेगा मौका! यह खिलाड़ी चोटिल

भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड दौरे के दौरान एक बड़ा झटका लगा है। पहला मैच जीतने के बाद दुसरे मैच से पहले भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण शनिवार को क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल पर होने वाले दूसरे टी20 इंटरनेशनल से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।

वैभव सूर्यवंशी की चमकी किस्मत

इस चोट ने 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने का रास्ता खोल दिया है। बीसीसीआई के बयान के अनुसार, ईशान किशन को सीरीज के पहले टी20 मैच के दौरान दाएं पैर में लो-ग्रेड एडक्टर स्ट्रेन (मांसपेशियों में हल्का खिंचाव) हो गया था। मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर नजर रख रही है। पहले मैच में ही चोट के कारण ईशान को अपने सामान्य नंबर-3 की जगह नंबर-5 पर बल्लेबाजी करनी पड़ी थी, जहां वे सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए थे।

भारत ने गुरुवार को खेले गए पहले टी20 में न्यूजीलैंड के 225 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक जीत दर्ज की थी। संजू सैमसन की 33 गेंदों पर 67 रनों की धमाकेदार पारी और नमन धीर के 15 गेंदों में 42 रनों ने टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत सीरीज में 1-0 से आगे है। अब ईशान की गैरमौजूदगी में वैभव सूर्यवंशी सबसे मजबूत दावेदार हैं।

कोच ने दिया था संकेत

बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने पहले ही संकेत दिया था कि अगर ईशान फिट नहीं होते तो वैभव उनकी जगह ले सकते हैं। कोटक ने कहा था कि वैभव मजबूत दावेदारों में से एक हैं। 15 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अब तक आठ टी20 इंटरनेशनल में 246 रन बनाए हैं, जिनकी स्ट्राइक रेट 186 से भी ज्यादा है। एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली टीम का हिस्सा रहने वाले वैभव आक्रामक ओपनिंग के लिए जाने जाते हैं। टीम मैनेजमेंट अगर वैभव को मौका देती है तो वे अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग कर सकते हैं, जिससे संजू सैमसन नंबर-3 पर शिफ्ट हो सकते हैं।

युवा खिलाड़ी की आक्रामक शैली न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाजी के खिलाफ चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है, लेकिन उनकी प्रतिभा पर सभी की नजर है। ईशान किशन टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं, लेकिन चोट ने उन्हें बाहर कर दिया है। वैभव के लिए यह बड़ा मौका है। अगर वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो आगे की सीरीज में भी उनकी जगह मजबूत हो सकती है। भारतीय क्रिकेट फैन्स अब उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं कि शनिवार के मैच में युवा सितारा मौका पाते हैं या नहीं। टीम इंडिया 1-0 की बढ़त के साथ आगे बढ़ना चाहेगी, और वैभव की एंट्री से बैटिंग लाइनअप और भी रोमांचक हो सकता है।

ALSO READ:संजू सैमसन ने “प्लेयर ऑफ़ मैच” लेते हुए दिया बयान, नमन धीर को नहीं इन्हें दिया जीएत का श्रेय

अभिनव को क्रिकेट पत्रकार बनने का दिलचस्प स्कूल के समय से रहा है। उन्होंने अपनी...